राहुल गांधी का अपनी जाति और गोत्र बताना क्या RSS की जीत है: नज़रिया
दत्तात्रेय गोत्र और कौल ब्राह्मण जाति में जन्मे राहुल गाँधी. यह इक्कीसवीं सदी के भारत के एक बड़े युवा नेता का बायोडेटा है. वह भी एक ऐसे युवा नेता का, जो सेकुलरवादियों के आख़िरी चिराग़ माने जा रहे हैं. अब किसी ज्योतिषी से पूछने की क्या ज़रूरत? यह बायोडेटा ही सारी कुंडली है , सारा पोथी-पत्रा है. ये ख़ुद ही बता रहा है कि भारत का भविष्य क्या है. आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने 2013 में भारत के लिए एक डेडलाइन दी थी. वह यह कि अगले 30 बरसों में भारत 'परम वैभव' पा लेगा. 'परम वैभव' यानी हिन्दू राष्ट्र. लगता है कि भागवत की भविष्यवाणी पूरी तरह ग़लत हो जाएगी. भारत शायद उससे काफ़ी पहले ही हिन्दू राष्ट्र बन जाए. बन जाए? या बन चुका है? क्या आपको नहीं लगता कि सेकुलर शब्द संविधान के अलावा अब पूरे राजनीतिक विमर्श में अछूत बन चुका है? सेकुलरवाद की राजनीति के तम्बू समेटे जा चुके हैं. मुसलमानों की बात अब कोई नहीं करता. हाँ, मुसलमानों से बात कर लेते हैं, लेकिन चोरी-छिपे. और जब कमलनाथ के टेप आते हैं तो मुँह चुराना ही पड़ता है. इसलिए योगी आदित्यनाथ ग़लत नहीं कहते कि राहुल का जनेऊ दि...